हज़रत मुहम्मद (सल्ल0) सबके लिए
Author Name: डा0 मुहम्मद अहमद

हज़रत मुहम्मद (सल्ल0) सबके लिए

‘‘हज़रत मुहम्मद (सल्ल0) सबके लिए’’ मात्र एक आकर्षक नारा और मुसलमानों का दावा नही है, बल्कि एक वास्तविक, व्यावहारिक व ऐतिहासिक तथ्य है। ‘सबके लिए’ का स्पष्ट अर्थ है ‘सार्वभौमिक, सार्वकालिक एवं सर्वमान्य होना’। सार्वभौमिकता के परिप्रेक्ष्य में, हज़रत मुहम्मद (सल्ल0) के, भारतवासियों का भी पैग़म्बर होने की धारणा तकाजा करती है कि आप (सल्ल0) के समकालीन भारत पर एक संक्षिप्त दृष्टि अवश्य डाली जाए चूँकि आप की पैग़म्बरी का ध्येय एवं आप (सल्ल0) के ईशदूतत्व का लक्ष्य मानव-व्यक्तित्व, मानव-समाज के आध्यात्मिक व सांसारिक हर क्षेत्र मे सुधार, परिवर्तन, निखार व क्रान्ति लाना था, इसलिए आवश्यक है कि यह दृष्टि भारतीय समाज के राजनैतिक, सामाजिक व धार्मिक सभी पहलुओं पर डाली जाए।

राजनैतिक परिस्थिति

हज़रत मुहम्मद (सल्ल0) द्वारा अरब प्रायद्वीप में इस्लाम के पुन: अभ्युदय का काल, सातवीं शताब्दी ईसवी का प्रारंभिक काल है। भारत, ‘भारतवर्ष’ या ‘हिन्दुस्तान’ नामक एक देश न था, न ही इसका कोई एक शासक। अलग-अलग क्षेत्रों में ‘पल्लव’ और ‘चालुक्य’ आदि वंशो के शासकों-हर्ष वर्धन, महेन्द्र वर्मन और पुलकेशिन का राज्य था। इनमें सत्ता व शासन के लिए बराबर लड़ाइयॉं होती रहती थीं। पराजय से पुनर्विजय-प्राप्ति के लिए वाह्य-देशों से सैनिक सहायता भी ली जाती थी। सत्ताधारी वर्ग के धर्म या धर्म-परिवर्तन का व्यापक प्रभाव शासित वर्ग ग्रहण करता था।

धार्मिक परिस्थिति

उत्तर-पश्चिमी प्रान्त में बौद्ध धर्म का हास हो रहा था। कश्मीर से मथुरा तक और मध्य-प्रान्त, पूर्वी तथा दक्षिणी प्रान्त में ब्राह्मणों का प्रभाव बढ़ रहा था। जैन धर्म प्रभावहीन हो चुका था और जैनियों ने ब्राह्मणों से समझौता करके उनका न केवल राजनैतिक व सांसारिक प्रभुत्व स्वीकार कर लिया था, बल्कि बड़े-बड़े लोगों का धर्म-परिवर्तन भी कराया जाने लगा था। जैन धर्म के अनुयायी महेन्द्र वर्मन (शासन काल 600-630 ई0) को संत अप्पर ने शैव धर्म ग्रहण करा दिया था जो शंकर का पुजारी बना और उसने महाबलिपुरम के प्रसिद्ध मन्दिर समेत कई शैव-मन्दिर बनवाए, और जैन धर्म का बचा-खुचा अस्तित्व भी लगभग समाप्त हो गया।

दूसरी ओर बौद्ध धर्म पर ब्राह्मणवाद का ऐसा प्रबल प्रभाव पड़ा कि बौद्ध धर्म के मूर्तिपूजा-विरोधी अनुयायी, मूर्तिपूजा को अपने धर्म का खास अंग बना बैठे। बौद्ध जहाँ जाते वहां गौतम बुद्ध की मूर्तिपूजा न करने की मूल-शिक्षा के विरूद्ध उनकी मूर्तियां स्थापित करते और उनकी पूजा-अर्चना करने लगते। एक प्रसिद्ध हिन्दू चिन्तक, सी0वी0 वैद्य के अनुसार, ‘‘इस युग में हिन्दू धर्म और बौद्ध धर्म दोनों ही मूर्तिपूजा के समर्थक थे, बल्कि शायद बौद्ध धर्म मूर्तिपूजा में हिन्दू धर्म से भी आगे बढ़ गया था।’’

हिन्दू धर्म में वेदों द्वारा स्थापित एकेश्वरवाद, ऋग्वेद काल के अन्त तक पहुँचते-पहुँचते ‘अनेक-देवतावादी एकेश्वरवाद’ में बदल चुका था। कुछ विद्वानों के अनुसार, वैदिक देवताओं की संख्या 33 तक और कुछ के अनुसार 3339 तक हो गई थी जो पौराणिक काल में बढ़कर 33 करोड़ तक पहुँच गई थी, देवताओं की मूर्तियों के साथ-साथ पशु, नक्षत्र, नदी आदि भी पूज्य हो गए थे। हर्ष वर्धन के काल में शिवलिंग की पूजा आम हो गई थी और विष्णु के अनेक अवतारों की मूर्तिपूजा प्रचलित हो गई थी।

सामाजिक परिस्थिति

हर्ष वर्धन के पूर्वजों ने समाज में वर्ण-व्यवस्था की जड़ फिर से मज़बूत करके उंच-नीच, श्रेष्ठ-अश्रेष्ठ और छूतछात आदि को जो बढ़ावा दिया था, वह हर्ष वर्धन काल (606-647 ई0) में बराबर जारी रहा। इस काल मे भारत की यात्रा करनेवाला चीनी यात्री फाहयान लिखता है: शुद्र तो गए-गुज़रे हैं ही, लेकिन शुद्रों में चांडाल सबसे अधम समझे जाते थे। वे राजाज्ञानुसार, शहर में प्रवेश करते समय लकड़ी से ढोल बजाकर अपने आने की सूचना देते थे, ताकि लोग हट जाएं और उनका स्पर्श बचाकर चलें।’’

सातवीं सदी के एक अन्य चीनी भारत-यात्री ‘हवेनसांग’ के अनुसार, ‘‘शुद्रों के पश्चात, पंचम जाति के लोगों-कसाइयों, मछुआरों, जल्लादों और भंगियों के मकानों पर अलग-अलग निशान बने रहते थे और ये लोग नगर के बाहर रहते थे, उच्च वर्ग का कोई आदमी रास्ते में मिल जाता तो ये आखें बचाकर बाईं ओर को चले जाते और जल्दी से अपने घर में घुस जाते थे।’’

इस काल में स्त्रियों की दशा अति दयनीय था। रोमिला थापर के अनुसार, ‘‘उत्तर भारत के कई स्थानों पर सती प्रथा ज़ोर पकड़ती जा रही थी तो दक्षिण भारत में देवदासी प्रथा। अनेक मंदिरों की देव-दासियां निर्लज्जतापूर्वक शोषित वैश्याएं बन गईं और मन्दिर के अधिकारी उनकी आय प्राप्त करने लगे।’’

इंसानों को अन्य जीवन-सामग्री की तरह बेचने-खरीदने और दास या दासी बनाने की प्रथा प्रचलित थी। डा0 रोमिला थापर के अनुसार, ‘‘पुरूष और स्त्रियां या तो स्वयं को बेच देते थे या कोई तीसरा व्यक्ति उन्हे बेच देता था, विशेषकर निर्धनता और अकाल की दशा में ऐसे लोग मन्दिर को बेच दिए जाते थे।’’

भारत और अरब के संबंध

हज़रत मुहम्मद (सल्ल0) के काल से बहुत पहले से ही भारत और अरब के बीच व्यावसायिक संबंध क़ायम थे। प्रसिद्ध विद्धान और अनुसंधानकर्ता सैयद सुलैमान नदवी के शब्दों में, ‘‘अरब व्यवसायी आज से हजारों वर्ष पूर्व भारत के तटीय क्षेत्रों मे आते-जाते थे, और वहाँ की वस्तुओं को मिस्र और ओम्मान के मार्ग से यूरोप तक पहुंचाते थे और वहाँ की वस्तुओं को भारत के द्वीपों मे लाते थें। इस प्रकार के व्यावसायिक सामान को चीन और जापान तक ले जाते थे।’’

मार्कोपोलो और वास्को डि गामा के समय तक भारत का व्यवसाय अरबों के हाथ में था। भारत से सन्दल, काफ़ूर, लोंग, जायफल, कबाबचीनी, नारियल, सोंठ अदरक, नील, अजवाइन, केला, सुपारी, रूई के कपड़े, सन और बांस आदि चीज़ें बेचने के लिए अरब ले जाई जाती थीं।

हज़रत मुहम्मद (सल्ल0) के काल में भी यह व्यापार जारी था। भारत के कुछ लोग अरब के पूर्वी तटों और समीपवर्ती इलाकों में रहते थे। अरबों से उनके संबंध अच्छे थे। उनके बीच किसी लड़ाई-झगड़े की घटना इतिहास में नहीं मिलती। हज़रत मुहम्मद (सल्ल0) और आपके साथी हिन्दुस्तान और यहाँ के लोगों के बारे में जानकारी रखते थे, और आप (सल्ल0) के पैग़म्बर बनाए जाने के बाद आपके पैगाम से यहाँ के लोग भी अवगत होने लगे थे।

भारतीय और अरब समाज मे समानताएं

जिस अरब समाज में हज़रत मुहम्मद (सल्ल0) को ईश्वर ने अपना रसूल बनाया था, उसमें और समकालीन भारतीय समाज में अनेक समानताएं पाई जाती थीं। यहाँ ऐसी ही कुछ धार्मिक व सामाजिक समानताओं का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत कर देने से ‘हजरत मुहम्मद सबके लिए’ की धारणा को व्यावहारिक स्तर पर समझने में आसानी होगी।

धार्मिक समानताएं

1- भारत एक धार्मिक भू-स्थल था। यहाँ के लोगों में एक ईश्वर के अस्तित्व पर विश्वास था। वे उसे सृष्टि, मनुष्यों व अन्य जीवधारियों का स्रष्टा समझते थे। यही स्थिति अरब प्रायद्वीप में थी। वहाँ के लोग एक अल्लाह के वजूद के क़ायल थे। अल्लाह को ही सृष्टि, मानवजाति एवं समस्त जीवों को पैदा करने वाला मानते थे। यहाँ तक कि उनके नामों-उदाहरणत: ‘अब्दुल्लाह’ (अल्लाह का बन्दा) जैसे नाम से भी वे अपने और अल्लाह के बीच मूलभूत संबंध का प्रदर्शन करते थे।

2- अरबवासी अल्लाह के साथ दूसरों को साझीदार बना चुके थे। वे फरिश्तों, जिन्नों और पूर्वजों की मूर्तियों की पूजा करते थे। कभी एकेश्वरवाद के केन्द्र-स्वरूप बनाए गए ‘काबा’ में और उसके आस-पास, उन्होंने लगभग 360 मूर्तियां स्थापित कर रखी थीं और उनकी पूजा करते, उनके नाम पर बलि देते और उन पर चढ़ावे चढ़ाते तथा उनसे सहायता मांगते थे। मूर्तिपूजा की ठीक यही स्थिति और एक-ईश्वर के साथ अनेकानेक देवताओं, नक्षत्रों एवं जीवधारी-अजीवधारी वस्तुओं को साझीदार बनाने का चलन भारत में भी चरम सीमा पर था।

3- वैदिक धर्म के साथ-साथ भारत में बौद्ध धर्म और जैन धर्म के माननेवाले भी थे। इसी प्रकार अरब में ‘बहुदेववादी एकेश्वरवाद’ को माननेवाले ‘मुशरिकों’ के साथ-साथ अहले-किताब अर्थात यहूदी और ईसाई भी रहते थे।

4- भारत मे तीर्थों, यज्ञों और बलि का प्रचलन था। अरब में भी हज़रत इब्राहीम (अलैहिस्सलाम) द्वारा स्थापित हज, उमरा और क़ुरबानी के बिगड़े हुए रूप प्रचलित थे।

सामाजिक समानताएं

स्त्री की दशा अरब में अच्छी न थी। वह केवल काम-वासना का साधन समझी जाती थी। समाज में उसका कोई गौरवपूर्ण स्थान न था। बेटियों को किशोरावस्था में माता-पिता द्वारा मार दिए जाने और जिंदा दफ़न कर देने का रिवाज था। भारत में भी स्त्री का यौन-शोषण होता था, देवदासी प्रथा के रूप में वेश्यावृति के प्रचलन मे भी उनका यौन-शोषण होता था

1- देवदासी प्रथा के रूप में वेश्यावृति का प्रचलन था। तन्त्र-साधना के अन्तर्गत नारी का यौन अपमान होता था।

2- समाज उच्च वर्ग और तुच्छ वर्ग में बंटा हुआ था। शूद्रों की दशा अति दयनीय थी। दासों और दासियों के रूप में पुरूष, स्त्री खरीदे-बेचे जाते थे। अरब समाज में ग़ुलामी (slavery) की प्रथा पूरे ज़ोर पर थी। पुरुषों, स्त्रियों को अन्य जीवन-सामग्री की तरह बेचा, ख़रीदा और काम में लाया जाता था। ग़ुलामों और बांदियों की दशा अत्यन्त दयनीय थी। समाज में उनकी हैसियत बिलकुल पशुओं जैसी थी।

यह उस पूरी परिस्थिति का संक्षिप्त अवलोकन है जिसमें, और जिसे अरब में पूर्णतया बदलकर रख देने मे समर्थ हो जानेवाले हज़रत मुहम्मद (सल्ल0) को अल्लाह ने एक सुधारक व क्रान्तिकारी पैग़म्बर बनाकर भेजा था और आप (सल्ल0) केवल 21 वर्षों में यह क्रान्ति ले आए। मानवता-उद्धार की यही वह प्रक्रिया थी जिसके दर्शन 1400 वर्षीय विश्व-इतिहास में होते हैं कि संसार के विभिन्न भागों समेत भारत में भी बड़ी जनसंख्या आप (सल्ल0) का पैगाम स्वीकार करके उसे सीने से लगाती रही और सिद्ध करती रही कि हज़रत मुहम्मद (सल्ल0) सबके लिए हैं।